निमता में विरोध के दौरान तृणमूल सांसद सौगत रॉय पर फेंका गया अंडा

कोलकाता, 28 मई । तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दमदम से सांसद सौगत रॉय पर गुरुवार को उत्तर 24 परगना जिले के निमता इलाके में विरोध प्रदर्शन के दौरान अंडा फेंके जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव का माहौल है ।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को तृणमूल के पांच पार्षदों के घरों पर कथित हमले के विरोध में सांसद सौगत राय पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ निमता थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे। थाने से बाहर निकलने के दौरान वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेरकर ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। आरोप है कि इसी दौरान भीड़ की ओर से उनकी तरफ अंडा फेंका गया।

स्थिति को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने तुरंत सांसद को गाड़ी में बैठाकर वहां से रवाना किया। हालांकि, घटना में उन्हें कोई चोट नहीं आई।

घटना के बाद सौगत राय ने आरोप लगाया कि यह पूरा विरोध प्रदर्शन भाजपा समर्थकों द्वारा कराया गया। उन्होंने कहा कि हमलोग तृणमूल पार्षदों के घरों पर हुए हमले की शिकायत करने गए थे। बाहर निकलते समय कुछ लोग ‘चोर-चोर’ के नारे लगाने लगे। मैंने पूछा कि किसे चोर कह रहे हो। इस पर उन्होंने बदसलूकी की। भाजपा का अपने कार्यकर्ताओं पर कोई नियंत्रण नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *