
25 स्कूलों के 100 मेधावी विद्यार्थियों को मिली छात्रवृत्ति, मंत्री अग्निमित्रा पॉल बोलीं — “नई पीढ़ी ही देश का भविष्य”
आसनसोल। आसनसोल के स्कूल ऑडिटोरियम में बुधवार को “स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप” वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न 25 स्कूलों के कुल 100 मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक, शिक्षाविद और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम बंगाल सरकार की नगर एवं शहरी विकास तथा महिला एवं बाल कल्याण मंत्री मौजूद रहीं। उनके अलावा पश्चिम बर्धमान के जिलाशासक एस. पोन्नाबलम, बर्धमान रामकृष्ण मठ के अध्यक्ष स्वामी भूदेवानंदजी महाराज, आसनसोल रामकृष्ण मिशन के सचिव स्वामी सौमत्वानंदजी महाराज, बर्नपुर सेल आईएसपी के डायरेक्टर इंचार्ज सुरजीत मिश्रा तथा आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक सहित कई विशिष्ट अतिथि मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को “स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप” प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।इस दौरान अपने संबोधन में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही आने वाले भारत की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं अपनी मेहनत, प्रतिभा और अनुशासन के बल पर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों को अपनाने की अपील की। मंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को प्रेरणा देने का कार्य कर रहे हैं। यदि विद्यार्थी उनके आदर्शों को जीवन में उतारें तो वे हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।आसनसोल रामकृष्ण मिशन के सचिव स्वामी सौमत्वानंदजी महाराज ने बताया कि इस वर्ष जिले के 25 विद्यालयों से चयनित 100 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को यह छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने का अवसर देना है, ताकि आर्थिक अभाव उनकी शिक्षा में बाधा न बन सके। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार की पहल बेहद आवश्यक है। रामकृष्ण मिशन भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। समारोह समाप्त होने के बाद मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था और विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज्य में अब कानून का शासन स्थापित हो चुका है और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। यदि कोई गलत कार्य करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया गया था, लेकिन अब ऐसी राजनीति को प्रोत्साहन नहीं दिया जाएगा। मंत्री ने सभी अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को आगामी ईद की शुभकामनाएं भी दीं।इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार और अफवाहों से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करनी चाहिए, ताकि गलत सूचनाओं से समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
