
जीत के बाद समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत, विकास और रोजगार को बताया प्राथमिकता
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से भारी मतों से विजयी होकर विधायक बने डॉ. बिजन मुखर्जी का गुरुवार शाम थाना मोड़ दुर्गा मंदिर के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरे इलाके में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वही इस मौके पर भाजपा मंडल-4 के अध्यक्ष संजय सिंह, अशोक नोनिया, रंजीत गांधी, रामसाही साहु, दिनेश दे, सरस्वती केवड़ा, नरेश नोनिया, अशोक सिंह, राजेश शर्मा, पूजा पासवान सहित क्षेत्र के अनेक भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
“यह जीत जनता की जीत है” — डॉ. बिजन मुखर्जी
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने सबसे पहले जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी इस ऐतिहासिक जीत में क्षेत्र के हर वर्ग के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार घोषित किया था, तभी से उनका एकमात्र लक्ष्य जामुड़िया क्षेत्र का समग्र विकास करना था। चुनाव प्रचार के दौरान जनता से किए गए हर वादे को पूरा करना अब उनकी प्राथमिकता है और विधायक बनने के साथ ही उन्होंने उस दिशा में काम शुरू कर दिया है।
जिन इलाकों में बस सेवा नहीं, वहां जल्द चलेगी बसें
डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में आज भी कई ऐसे इलाके हैं जहां बस सेवा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान उन्होंने जनता से वादा किया था कि जिन क्षेत्रों में अब तक बसों का परिचालन नहीं हो पाया है, वहां भी परिवहन सुविधा शुरू की जाएगी। विधायक बनने के बाद इस दिशा में पहल शुरू कर दी गई है और उम्मीद है कि अगले एक महीने के भीतर उन क्षेत्रों में भी बस सेवा शुरू हो जाएगी।
स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने की पहल
औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिलने के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि यह उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न कारखाना मालिकों और उद्योग प्रबंधन से बातचीत शुरू कर दी गई है, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि इस दिशा में जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे और बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
पेयजल और बुनियादी समस्याओं के समाधान का भरोसा
डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि जामुड़िया क्षेत्र के कई इलाकों में पेयजल की गंभीर समस्या है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पानी की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और जल्द ही लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क, परिवहन, पानी, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर उनकी टीम लगातार काम करेगी। जनता के सहयोग और विश्वास के दम पर जामुड़िया को एक विकसित और आधुनिक विधानसभा क्षेत्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।
“बहुत जल्द दिखेगा नया जामुड़िया”
अपने संबोधन के अंत में विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान जो भी वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में काम शुरू हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जामुड़िया में व्यापक विकास देखने को मिलेगा और लोग एक “नया जामुड़िया” देखेंगे। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ विधायक का स्वागत किया। पूरे आयोजन में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह और जोश साफ तौर पर दिखाई दिया।
