
आसनसोल । आसनसोल के सालानपुर थाना क्षेत्र के फूलबेड़िया हनुमान मंदिर के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल ईसीएल की हाइड्रा वाहन को रोक लिया और शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह हादसा बुधवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे ईसीएल ट्रांसपोर्ट रोड पर हुआ। मृतक की पहचान जेमारी गांव निवासी 35 वर्षीय मंगल बाउरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह विवाह के बाद फूलबेड़िया गांव में घर जमाई के रूप में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार मंगल बाउरी प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह भी साइकिल से एक निजी कारखाने में काम पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी साइकिल खराब हो गई, जिसके बाद वह वापस घर लौट रहे थे। तभी फूलबेड़िया हनुमान मंदिर के पास ईसीएल की एक हाइड्रा वाहन (WB 38AS 5568) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मंगल बाउरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर हाइड्रा वाहन को घेर लिया। हादसे के विरोध में स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने ईसीएल प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। ग्रामीणों का आरोप था कि इस इलाके में ईसीएल वाहनों की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उनका कहना था कि कई डंपर और भारी वाहन प्रशिक्षित चालकों की जगह खलासी या अनुभवहीन लोगों द्वारा चलाए जाते हैं, जिसके कारण इस प्रकार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाना पुलिस, रूपनारायणपुर फाड़ी पुलिस, कुल्टी ट्रैफिक पुलिस तथा केंद्रीय बल के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। बाद में ईसीएल के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही एसीपी कुल्टी जाबेद हुसैन, सालानपुर थाना प्रभारी तथा रूपनारायणपुर फाड़ी प्रभारी ने स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों से बातचीत की। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों, प्रशासन और ईसीएल अधिकारियों के बीच लंबी बातचीत हुई। चर्चा के दौरान मृतक के परिवार को मुआवजे के रूप में 10 लाख रुपये देने तथा परिवार के एक सदस्य को ईसीएल की ठेका कंपनी में नौकरी देने पर सहमति बनी। आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं दुर्घटना में शामिल हाइड्रा वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस हादसे के बाद एक बार फिर ईसीएल ट्रांसपोर्ट रोड की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन नहीं कराया गया, तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
