
कल्चरल लिटरेरी फोरम ऑफ बंगाल की पहल पर आयोजित शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
पांडवेश्वर। पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के नतुनडांगा इलाके में मंगलवार को कल्चरल लिटरेरी फोरम ऑफ़ बंगाल की ओर से एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाजसेवा और मानव कल्याण के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम में पांडवेश्वर के विधायक जितेन्द्र तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पहुंचने पर विधायक का आयोजकों एवं स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।विधायक ने शिविर का निरीक्षण कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा उनके इस मानवीय कार्य की सराहना की.शिविर के दौरान विधायक जितेन्द्र तिवारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ती है और ऐसे समय में रक्तदाता किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदाता साबित होते हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए, क्योंकि इससे न केवल जरूरतमंद मरीजों की सहायता होती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं आयोजकों ने रक्तदाताओं के साथ सौजन्य मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। आयोजन स्थल पर सामाजिक सौहार्द, सेवा भावना और जनकल्याण का वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा मानव सेवा के कार्यों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक और जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. वही कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया तथा उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
