फलता उपचुनाव से पहले शुभेंदु अधिकारी का रोड शो, शिव मंदिर में पूजा कर मांगा आशीर्वाद

कोलकाता, 19 मई । फलता विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को होने वाले मतदान से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी देबांशु पंडा के समर्थन में जोरदार रोड शो किया। प्रचार अभियान के अंतिम दिन शुभेंदु एक बार फिर फलता पहुंचे और शक्ति प्रदर्शन के जरिए चुनावी माहौल को गर्म कर दिया।

रोड शो से पहले मुख्यमंत्री ने फलता के शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद बंगनगर-दो पंचायत क्षेत्र के हासीमनगर स्थित कालीतला मैदान से रोड शो की शुरुआत हुई।

मुख्यमंत्री को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर भारी संख्या में लोग जुटे। कई स्थानों पर लोगों ने उन पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शुभेंदु अधिकारी भी लगातार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। भीड़ अधिक होने के कारण कई बार रोड शो की रफ्तार धीमी पड़ गई।

रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ता स्वपन मंडल के घर जाकर दोपहर का भोजन करने का कार्यक्रम बनाया। भाजपा का आरोप है कि वर्ष 2021 में चुनाव बाद हुई हिंसा के दौरान स्वपन मंडल की हत्या कर दी गई थी।

राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि फलता उपचुनाव राज्य की राजनीति की दिशा तय नहीं करेगा, लेकिन भाजपा अपनी सीट संख्या बढ़ाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। यही कारण है कि शुभेंदु अधिकारी लगातार क्षेत्र में प्रचार कर रहे हैं। इससे पहले भी वह शनिवार को यहां जनसभा कर चुके हैं।

शनिवार को आयोजित जनसभा में शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल प्रत्याशी जहांगीर खान को चेतावनी देते हुए कहा था, “पहले मतदान खत्म होने दीजिए, उसके बाद मैं उसका इंतजाम करूंगा।”

मतदान के बाद विपक्षी दलों ने फलता विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों पर निष्पक्ष मतदान नहीं होने का आरोप लगाया था। शिकायतों की समीक्षा के बाद चुनाव आयोग ने पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है। फलता में अब 21 मई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 24 मई को की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *