कोलकाता । देश के अगले राष्ट्रपति के लिए संसद के दोनों सदनों के साथ देशभर के सभी विधानसभाओं में भी वोटिंग शुरु हो गई है। इसी सिलसिले में पश्चिम बंगाल विधानसभा में भी सुबह 10:00 बजे से वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के सारे विधायक और सांसद बंगाल विधानसभा में सुबह के समय ही पहुंच गए थे और वोटिंग के लिए लंबी कतार लग गई थी। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के विधायक भी बस में सवार होकर विधानसभा में पहुंच गए हैं। भाजपा विधायक एक दिन पहले ही कोलकाता पहुंच गए थे और यहां एक होटल में उन्हें ठहराया गया था। उनके लिए होटल में ही मॉक पोलिंग की व्यवस्था भी की गई थी। उसके बाद सोमवार सुबह के समय बस में सवार होकर भाजपा विधायक विधानसभा के लिए रवाना हुए। भाजपा के कई विधायकों ने पारंपरिक आदिवासी परिधान पहना था। बंगाल विधानसभा में ममता कैबिनेट के मंत्री और विधायक फिरहाद हकीम ने कहा कि यशवंत सिन्हा तृणमूल कांग्रेस के नेता रहे हैं और पार्टी के प्रस्ताव पर ही वे विपक्ष का उम्मीदवार बनाए गए हैं। यह आदर्श की लड़ाई हैं और तृणमूल के सारे विधायक और सांसद निश्चित तौर पर यशवंत सिन्हा को ही वोट करेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के भी कई विधायक क्रॉस वोटिंग कर सिन्हा को वोट देंगे।
हालांकि भाजपा विधायक अग्निमित्र पॉल ने दावा किया कि क्रॉस वोटिंग तो होगी लेकिन भाजपा से विपक्षी उम्मीदवार के लिए नहीं बल्कि द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में तृणमूल के सांसदों विधायकों की होगी। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश