बंगाल विधानसभा मे मिला भाजपा का पहला स्पीकर,रथींद्र बोस के चयन पर विधायकों ने दी बधाई

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) पद पर कूचबिहार दक्षिण से भाजपा विधायक रथींद्र बोस के चयन होने पर भाजपा खेमे में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत भाजपा के मंत्रियों और सभी विधायकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। स्पीकर पद पर चयन होने के बाद विधानसभा परिसर में भाजपा विधायकों ने रथींद्र बोस का अभिनंदन किया। वही पांडवेश्वर विधानसभा से भाजपा विधायक तथा आसनसोल उत्तर से भाजपा विधायक ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में विधानसभा की कार्यवाही निष्पक्ष एवं गरिमामय ढंग से संचालित होने की उम्मीद जताई। इस अवसर पर विधायक जितेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि रथींद्र बोस का अनुभव, विवेक और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पश्चिम बंगाल विधानसभा की कार्यवाही को निष्पक्ष, तटस्थ और गरिमापूर्ण ढंग से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सभी दलों और सदस्यों को अपनी बात रखने का समान अधिकार मिलना चाहिए और उन्हें विश्वास है कि नए स्पीकर इस परंपरा को मजबूती देंगे। वहीं विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने “सबका साथ, सबका विकास” की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहां सभी जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का अधिकार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि रथींद्र बोस के नेतृत्व में विधानसभा में स्वस्थ लोकतांत्रिक वातावरण देखने को मिलेगा। गौरतलब है कि रथींद्र बोस लंबे समय से भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े रहे हैं। वह पार्टी के पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं में गिने जाते हैं। राजनीति के साथ-साथ वह पेशे से एक प्रसिद्ध सीए भी हैं। इसके अलावा वह बंगाल भाजपा के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव और राजनीतिक समझ के कारण पार्टी नेतृत्व ने उन्हें विधानसभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी है।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा के स्पीकर का चुना जाना राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए खुशी जाहिर की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *