प्रेसिडेंसी जेल से कई स्मार्टफोन बरामद, मुख्यमंत्री ने जेल अधीक्षक व मुख्य नियंत्रक काे किया निलंबित

 

कोलकाता, 15 मई । पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रेसिडेंसी सुधार गृह में कैदियों द्वारा स्मार्टफोन इस्तेमाल किए जाने के आरोपों के बाद जेल अधीक्षक और मुख्य नियंत्रक को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को नवान्न में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन का एक वर्ग अपराधियों के साथ सांठगांठ कर कैदियों को जेल के भीतर मोबाइल फोन इस्तेमाल करने में मदद कर रहा था। उन्होंने बताया कि हालिया तलाशी अभियान के दौरान प्रेसिडेंसी जेल से 23 स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अपराधी जेल के भीतर से अपना नेटवर्क चला रहे हैं। यह एक दिन में नहीं हुआ। वर्षों से निचले स्तर से लेकर ऊपरी स्तर तक एक गठजोड़ तैयार किया गया था। इसी के आधार पर संबंधित अधिकारियों को निलंबित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि इस तरह की अनियमितताएं पिछली सरकार के कार्यकाल से जारी थीं और मामले की जानकारी सुधार सेवा महानिदेशक को दे दी गई है। उन्होंने राज्य के सभी सुधार गृहों के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपराधियों की मदद बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दमदम सेंट्रल जेल और बहरमपुर जेल समेत अन्य सुधार गृहों से भी इसी तरह की शिकायतें मिली हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, निरीक्षण के दौरान प्रेसिडेंसी जेल से कई मोबाइल फोन और स्मार्टफोन जब्त किए गए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जेलों के भीतर सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने और सुधार गृहों की निगरानी व्यवस्था को और सख्त बनाने के लिए कड़े कदम उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *