
जनता के आशीर्वाद और माँ गंगा की कृपा से बंगाल में विकास का नया युग शुरू
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में भाजपा की ऐतिहासिक विजय के बाद राजस्थान के खंडार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं आसनसोल जिला चुनाव प्रवासी जितेंद्र गोठवाल ने आसनसोल जिले की सभी 7 विधानसभा सीटों पर भाजपा की शानदार जीत दर्ज कर संगठनात्मक नेतृत्व, रणनीतिक कौशल और जनसंपर्क क्षमता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
भाजपा की इस ऐतिहासिक सफलता के उपरांत जितेंद्र गोठवाल परिवार सहित पवित्र तीर्थ गंगासागर पहुंचे, जहां उन्होंने पुण्य स्नान एवं विधिवत पूजा-अर्चना कर पश्चिम बंगाल की समृद्धि, सुशासन, विकास और जनकल्याण की मंगलकामना की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा, “गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है। पश्चिम बंगाल की जनता ने परिवर्तन, विकास और राष्ट्रवाद के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश देकर भाजपा पर अपना अटूट विश्वास जताया है। आसनसोल जिले की सभी सीटों पर भाजपा की विजय जनता के भरोसे, कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी नीतियों की जीत है।”

उन्होंने कहा कि “सब तीर्थ बार-बार, गंगासागर एक बार” की पावन भावना के साथ गंगासागर में माँ गंगा एवं कपिल मुनि महाराज के चरणों में प्रार्थना करते हुए उन्होंने बंगाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अब पश्चिम बंगाल विकास, निवेश, उद्योग, रोजगार और सुशासन के नए स्वर्णिम अध्याय की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।
जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प के साथ पश्चिम बंगाल को भ्रष्टाचार, हिंसा और तुष्टिकरण की राजनीति से मुक्त कर विकास एवं जनसेवा का आदर्श मॉडल राज्य बनाएगी।
