9 मई को कोलकाता में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह, अग्निमित्रा पाल ने जनता से शामिल होने की अपील

भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह

आसनसोल। पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार के गठन को लेकर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में 9 मई को कोलकाता में आयोजित होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं आसनसोल दक्षिण विधानसभा से विधायक अग्निमित्रा पाल ने राज्यवासियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन, विकास और नई उम्मीदों की शुरुआत का प्रतीक है। लंबे समय बाद राज्य में ऐसी सरकार बनने जा रही है, जिससे आम जनता को न्याय, सुरक्षा और विकास की नई उम्मीदें हैं।

“जनता के आशीर्वाद से बना नया इतिहास”

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने लोकतंत्र में विश्वास जताते हुए परिवर्तन के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा या किसी एक दल की नहीं, बल्कि राज्य की आम जनता की जीत है, जिसने भय, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ मतदान किया। उन्होंने कहा कि राज्य के हर वर्ग — युवा, महिलाएं, श्रमिक, व्यापारी और किसान — ने इस परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब नई सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

कोलकाता में होगी भव्य तैयारियां

सूत्रों के अनुसार, 9 मई को कोलकाता में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम में राज्यभर से हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। भाजपा नेताओं के अनुसार, समारोह स्थल को विशेष रूप से सजाया जा रहा है और सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं और विभिन्न राज्यों के भाजपा प्रतिनिधियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

कार्यकर्ताओं में दिख रहा भारी उत्साह

आसनसोल, दुर्गापुर, रानीगंज, जामुड़िया और पश्चिम बर्दवान जिले के विभिन्न इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। कई स्थानों पर मिठाई वितरण, विजय जुलूस और स्वागत कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राज्य की जनता ने जिस विश्वास के साथ भाजपा को समर्थन दिया है, नई सरकार उस विश्वास को टूटने नहीं देगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में कोलकाता पहुंचकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें।

विकास और सुशासन की शुरुआत”

उन्होंने कहा कि नई सरकार का मुख्य उद्देश्य पश्चिम बंगाल को विकास, उद्योग, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना होगा। साथ ही कानून व्यवस्था को मजबूत कर राज्य में भयमुक्त वातावरण तैयार किया जाएगा।
भाजपा नेताओं का मानना है कि 9 मई का यह शपथ ग्रहण समारोह पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *