पांडवेश्वर में नवनिर्वाचित विधायक जितेंद्र तिवारी ने दिया स्वच्छता औऱ सद्भाव का संदेश

झाड़ू लगाकर गांव की सड़कें की साफ, कहा — “राजनीति नहीं, विकास और स्वच्छता होगी प्राथमिकता

पांडवेश्वर। पश्चिम बर्दवान जिले के पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में नवनिर्वाचित भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी ने गुरुवार को एक अलग अंदाज में जनता के बीच पहुंचकर स्वच्छता, विकास और सामाजिक एकता का संदेश दिया। गोगला क्षेत्र के चंद्रडांगा गांव पहुंचे विधायक का ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। गांव में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कमल का फूल भेंट कर उन्हें जीत की शुभकामनाएं दीं।


अपने दौरे के दौरान जितेंद्र तिवारी सीधे गांव की गलियों और सड़कों पर पहुंचे और हाथ में झाड़ू लेकर स्वयं सफाई अभियान शुरू कर दिया। विधायक को सफाई करते देख गांव के कई लोग भी उनके साथ जुड़ गए। इस दौरान पूरा गांव “स्वच्छ गांव, सुंदर गांव” के संदेश से गूंज उठा।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को समर्थन देते हैं, वे आज से यह संकल्प लें कि अपने गांव और आसपास के इलाकों को साफ-सुथरा बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने क्षेत्र की जिम्मेदारी उठाए, तो पूरा समाज स्वच्छ और स्वस्थ बन सकता है।
इस दौरान उन्होंने राजनीतिक मर्यादा और सौहार्द का संदेश भी दिया। जितेंद्र तिवारी ने कहा कि उनकी राजनीति सेवा और विकास की राजनीति है, न कि प्रतिशोध की। उन्होंने कहा, “मैं पूरे पांडवेश्वर का विधायक हूं। जिन्होंने मुझे वोट दिया, मैं उनका भी प्रतिनिधि हूं और जिन्होंने वोट नहीं दिया, मैं उनका भी विधायक हूं। क्षेत्र के हर व्यक्ति के लिए समान रूप से काम किया जाएगा।”


उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र विकास की नई पहचान बनेगा। गांवों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए तेजी से काम किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब क्षेत्र में नकारात्मक राजनीति नहीं, बल्कि विकास कार्यों की प्रतिस्पर्धा होगी।
जितेंद्र तिवारी के इस अनोखे स्वच्छता अभियान और जनता से सीधे संवाद ने ग्रामीणों के बीच सकारात्मक संदेश छोड़ा। स्थानीय लोगों ने कहा कि विधायक का यह व्यवहार उन्हें आम जनता के और करीब लाता है तथा इससे लोगों में भी समाज और गांव के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *