मुस्लिम वोटों में बंटवारे से भाजपा को बढ़त : शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता, 04 मई । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के रुझानों के बीच इस बार मुस्लिम वोट केवल तृणमूल कांग्रेस को नहीं मिलने पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने खंडन किया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम वोटों में बंटवारे के कारण ही मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में भी भाजपा को अपेक्षा से बेहतर परिणाम मिल रहे हैं।
सोमवार को मतगणना के दौरान मीडिया से बातचीत में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि शुरुआती रुझानों में भाजपा राज्य में स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि वे नंदीग्राम सीट से जीत की ओर अग्रसर हैं, जबकि भवानीपुर सीट पर उनकी कड़ी टक्कर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से चल रही है।
प्रारंभिक रुझानों के अनुसार, मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर जैसे मुस्लिम बहुल जिलों में भी भाजपा को अच्छा समर्थन मिल रहा है। मालदा की 12 सीटों में से छह पर भाजपा आगे है, जबकि मुर्शिदाबाद की 22 सीटों में से आठ और उत्तर दिनाजपुर की नौ सीटों में से चार पर भाजपा बढ़त बनाए हुए है।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में बड़ी संख्या में हिंदू मतदाता एकजुट होकर मतदान कर रहे हैं, जबकि मुस्लिम वोट अलग-अलग दलों में बंट गए हैं। कई स्थानों पर मुस्लिम मतदाताओं ने अन्य दलों को समर्थन दिया, वहीं कुछ क्षेत्रों में भाजपा को भी मुस्लिम वोट मिले हैं।
चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस छोड़कर नया दल बनाने वाले हुमायूं कबीर भी रेजिनगर और नवदा सीटों से आगे चल रहे हैं। माना जा रहा है कि इससे भी मुस्लिम वोट बैंक में विभाजन हुआ है। इसके अलावा कुछ मुस्लिम वोट वाम दलों और कांग्रेस के खाते में भी गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *