आसनसोल में मतगणना से पहले किले जैसी सुरक्षा, प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

स्ट्रॉन्ग रूम का उच्चस्तरीय निरीक्षण, 4 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी काउंटिंग

आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले आसनसोल में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 4 मई को होने वाली मतगणना के मद्देनज़र शुक्रवार को पश्चिम बर्दवान के जिला मजिस्ट्रेट एस. पोन्नबलम और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम का गहन निरीक्षण किया।
यह स्ट्रॉन्ग रूम कुल्टी, बाराबनी,आसनसोल उत्तर,आसनसोल दक्षिण, रानीगंज और जामुड़िया विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम मशीनों का मुख्य केंद्र है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा, केंद्रीय बलों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और तकनीकी सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
अधिकारियों ने स्ट्रॉन्ग रूम की सीलिंग प्रक्रिया और ईवीएम के सुरक्षित रख-रखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए भरोसा जताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगी।
4 मई को सुबह 8 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। शुरुआती रुझान दोपहर तक आने लगेंगे और दोपहर 12 से 1 बजे के बीच चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ होने की उम्मीद है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतगणना के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *