दुर्गापुर डीसीआरसी केंद्र पर प्रशासनिक चूक, बीएलओ का विरोध प्रदर्शन

भीषण गर्मी में बिना कार्य बुलाने पर कर्मचारियों में आक्रोश

दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण बीच बुधवार को दुर्गापुर स्थित डीसीआरसी केंद्र पर प्रशासनिक अव्यवस्था सामने आई, जिससे बड़ी संख्या में पहुंचे बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) में नाराजगी फैल गई। चुनाव संबंधी नोटिस के तहत केंद्र पर पहुंचे कर्मचारियों को वहां पहुंचने के बाद बताया गया कि फिलहाल उनके लिए कोई कार्य निर्धारित नहीं है।
इस स्थिति से क्षुब्ध बीएलओ ने कड़ा विरोध जताया। भीषण गर्मी में घंटों तक धूप में खड़े रहने और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर कर्मचारियों ने एसडीओ के समक्ष प्रदर्शन किया। बीएलओ का आरोप है कि उन्हें बिना किसी स्पष्ट कारण के बुलाकर अनावश्यक रूप से परेशान किया गया।
हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने माइकिंग के माध्यम से अपनी त्रुटि स्वीकार की और स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को गलतीवश बुलाया गया था। इसके साथ ही सभी बीएलओ को तत्काल घर लौटने तथा गुरुवार सुबह सीधे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।
घटना के बाद चुनावी व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं और कर्मचारियों में असंतोष का माहौल देखा जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर समुचित समन्वय सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *