बालू तस्करी मामले में कोलकाता पुलिस के डीसी शांतनु सिंह बिस्वास को ईडी का समन

कोलकाता, 21 अप्रैल । प्रवर्तन निदेशालय ने कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिंह बिस्वास को अब बालू तस्करी मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है। इससे पहले एजेंसी उन्हें जमीन भ्रष्टाचार मामले में भी समन भेज चुकी है।

सूत्रों के अनुसार, शांतनु सिंह बिस्वास को बुधवार, यानी पहले चरण के मतदान के दिन, सॉल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में उपस्थित होने को कहा गया है। इसी मामले में झाड़ग्राम के पूर्व जिलाधिकारी सुनील अग्रवाल को भी समन जारी किया गया है।

हाल के दिनों में प्रवर्तन निदेशालय ने बालू तस्करी मामले की जांच के सिलसिले में राज्य के विभिन्न जिलों में कई छापेमारी अभियान चलाए हैं। हालांकि, शांतनु सिंह बिस्वास और सुनील अग्रवाल को किस विशेष परिस्थितियों में तलब किया गया है, यह अभी स्पष्ट नहीं किया गया है।

इस बीच एक अलग मामले में बेहाला के कारोबारी जय कामदार के साथ शांतनु सिंह बिस्वास और उनके परिवार के संबंधों का दावा भी जांच एजेंसी ने किया है। एजेंसी का आरोप है कि प्रभाव का इस्तेमाल कर कारोबारी को जमीन दिलाने में मदद की जाती थी।

ईडी के अनुसार, कथित रूप से तीन प्रकार की जमीनें निशाने पर रहती थीं संयुक्त स्वामित्व वाली जमीन, किरायेदारी विवाद वाली जमीन और वे संपत्तियां जिनके मालिक नौकरी या अन्य कारणों से राज्य से बाहर रहते थे।

जांच एजेंसी ने दावा किया है कि गिरफ्तार कारोबारी जय कामदार के राज्य पुलिस और कोलकाता पुलिस के कई स्तरों पर संपर्क थे, जिनमें डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिंह बिस्वास का नाम भी शामिल है। जांचकर्ताओं का यह भी कहना है कि शांतनु के दोनों पुत्रों के साथ भी कारोबारी के संपर्क थे।

एजेंसी को कथित रूप से बरामद एक डायरी में कई पुलिस अधिकारियों को दिए गए उपहारों का उल्लेख मिला है, जिसमें ‘शांतनु सर’ का नाम भी दर्ज बताया गया है। साथ ही दावा किया गया है कि फर्न रोड स्थित शांतनु के आवासीय भूखंड पर जय कामदार की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था।

हालांकि इन आरोपों पर शांतनु सिंह बिस्वास की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *