
रानीगंज। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी कड़ी में तृणमूल कांग्रेस ने अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए पार्टी प्रत्याशी कालोबरन मंडल के समर्थन में एक भव्य रोड शो का आयोजन किया। इस रोड शो में बांग्ला फ़िल्म के प्रसिद्ध अभिनेता अंकुश हाज़रा की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह भर दिया। रानीगंज के तारबंगला से शुरू होकर एनएसबी रोड के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए इस रोड शो में बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता, समर्थक और आम नागरिक शामिल हुए। सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिन्होंने अभिनेता अंकुश हाज़रा और प्रत्याशी कालोबरन मंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे इलाके में पार्टी के झंडे, बैनर और नारों के बीच उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। रोड शो के दौरान अभिनेता अंकुश हाज़रा ने जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में चल रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए तृणमूल कांग्रेस को फिर से समर्थन देना आवश्यक है। उनकी मौजूदगी से युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी कालोबरन मंडल ने भी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें क्षेत्र की जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार रानीगंज की जनता विकास और स्थिरता के लिए तृणमूल कांग्रेस को ही अपना समर्थन देगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जीत के बाद क्षेत्र में सड़क, जल, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वही इस मौके पर रानीगंज बोरो चेयरमैन मोज्जामिल सहज़ादा, युवा जिला अध्यक्ष पार्थो देवासी, ब्लॉक अध्यक्ष ज्योति सिंह, उपाध्यक्ष बापी चक्रवर्ती सहित अन्य मौजूद रहे। रोड शो के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। इस भव्य आयोजन ने रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल को और अधिक गर्म कर दिया है तथा आगामी मतदान को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं।
