
पांडवेश्वर। विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान से ठीक पहले पांडवेश्वर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। 23 अप्रैल को होने वाले मतदान को ध्यान में रखते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने-अपने स्तर पर प्रचार अभियान को गति दे दी है। इसी कड़ी में रविवार को भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी ताकत का प्रदर्शन करते हुए एक विशाल रोड-शो का आयोजन किया। इस रोड-शो में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार ने पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी के समर्थन में पांडवेश्वर के बनग्राम इलाके में जनसंपर्क अभियान चलाया। खुले वाहन पर सवार होकर डॉ. मजूमदार ने लोगों का अभिवादन किया और मतदाताओं से अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएं। रोड-शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह देखने लायक था। ‘जय श्री राम’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया। जिस मार्ग से रोड-शो गुजरा, वहां सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते नजर आए।यह रोड-शो ऐसे समय में आयोजित किया गया, जब चुनाव प्रचार अपने अंतिम चरण में है। ऐसे में भाजपा का यह शक्ति प्रदर्शन पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी समीकरणों को और अधिक रोचक बना रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के बड़े जनसंपर्क अभियानों से मतदाताओं को प्रभावित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि राज्य में परिवर्तन की लहर चल रही है और आगामी चुनाव में पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा। वहीं, इस रोड-शो के बाद पांडवेश्वर का सियासी माहौल और अधिक गरमा गया है, जिससे चुनावी मुकाबला और भी कड़ा होने के संकेत मिल रहे हैं।
