कोलकाता, 18 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले कोलकाता पुलिस के विशेष कार्यबल ने मध्य कोलकाता में राजाबाजार साइंस कॉलेज के पास हथियारों और कारतूस का जखीरा बरामद कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी शनिवार को दी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियार कहां ले जाए जा रहे थे और इन्हें किसे सौंपा जाना था।
पुलिस के अनुसार, संदेह के आधार पर विशेष कार्यबल की टीम ने बस स्टैंड के निकट बैग लेकर जा रहे एक व्यक्ति को रोका। तलाशी में उसके पास से छह सिंगल-शॉट आग्नेयास्त्र और 14 कारतूस बरामद किए गए।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विभिन्न स्थानों पर पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है और संवेदनशील इलाकों में नाकेबंदी की गई है।
हाल के दिनों में कोलकाता और हावड़ा से बड़ी मात्रा में नकदी भी बरामद की गई है। शुक्रवार को कोलकाता पुलिस के दक्षिण-पूर्व प्रभाग ने बालीगंज विधानसभा क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक गाड़ी से लगभग 25 लाख नकदी जब्त किए थे।
इससे पहले रेलवे सुरक्षा बल ने हावड़ा स्टेशन के पास 72 लाख से अधिक नकदी बरामद कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया था। यह कार्रवाई हावड़ा मंडल के बनारस ब्रिज क्षेत्र के निकट तलाशी अभियान के दौरान की गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि चुनाव से पहले अवैध हथियारों और नकदी की आवाजाही रोकने के लिए निगरानी और जांच अभियान और तेज कर दिया गया है।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि मतगणना चार मई को हाेगी।
