आसनसोल के बाराबनी मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हुंकार: “डबल इंजन सरकार से ही लौटेगा बंगाल का गौरव

बंगाल की सांस्कृतिक विरासत का किया गुणगान, तृणमूल सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर साधा निशाना, भाजपा प्रत्याशी अर्जित राय के समर्थन में मांगे वोट

आसनसोल। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लगातार राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को आसनसोल के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आंचड़ा गांव में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बाराबनी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी अर्जित राय के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने के साथ-साथ राज्य की वर्तमान तृणमूल सरकार पर तीखा हमला बोला।

बंगाल की गौरवशाली परंपरा का किया उल्लेख

अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि “बंगाल केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की चेतना की पवित्र भूमि है, जिसने देश को राष्ट्रगान और राष्ट्रीय स्तोत्र प्रदान किया है।” उन्होंने स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, रवींद्रनाथ ठाकुर और रामकृष्ण परमहंस जैसे महान विभूतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महापुरुषों के आदर्श आज भी विश्व को दिशा दिखा रहे हैं।

तृणमूल सरकार पर तीखा प्रहार

सभा के दौरान योगी आदित्यनाथ ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और “सिंडिकेट राज” हावी हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि बालू, कोयला और जमीन से जुड़े माफिया सक्रिय हैं और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचने के बजाय बिचौलियों और सिंडिकेट के हाथों में जा रहा है।

कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में भय और असुरक्षा का माहौल बना है,उन्होंने अपने राज्य उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि “कुछ वर्ष पहले वहां भी अराजकता का माहौल था, लेकिन डबल इंजन सरकार बनने के बाद आज माफिया और गुंडाराज पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित किया गया है।”

डबल इंजन सरकार’ का दिया संदेश

उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि पश्चिम बंगाल को भी विकास की मुख्यधारा में लाना है और उसे दंगा-मुक्त एवं सुरक्षित बनाना है, तो राज्य में डबल इंजन सरकार स्थापित करनी होगी। योगी ने दावा किया कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से विकास कार्यों में तेजी आती है और योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचता है।

भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में अपील

सभा के अंत में योगी आदित्यनाथ ने उपस्थित जनसमूह से भाजपा प्रत्याशी अर्जित राय को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “बंगाल के खोए हुए गौरव को पुनः स्थापित करने और विकास की नई दिशा देने के लिए भाजपा को सत्ता में लाना आवश्यक है।” जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखी गई, जिससे क्षेत्र में चुनावी माहौल और भी गरमा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *