रानीगंज में असदुद्दीन ओवैसी का दौरा: हज़ूर गौसे बंगाला दरगाह में जियारत के बाद बोले—बंगाल में मजबूत मुस्लिम नेतृत्व की जरूरत

रानीगंज। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी सोमवार को रानीगंज स्थित हज़ूर गौसे बंगाला दरगाह पहुंचे, जहां उन्होंने जियारत कर अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।ओवैसी के आगमन को लेकर क्षेत्र में पहले से ही उत्साह का माहौल देखा गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक दरगाह परिसर में एकत्रित हुए। इस दौरान उनके साथ आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से (एआईएमआईएम) के उम्मीदवार दानिश अज़ीज़ सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दरगाह में जियारत के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए ओवैसी ने स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी इस बार पश्चिम बंगाल में चुनाव इसलिए लड़ रही है, ताकि राज्य में मुसलमानों का एक मजबूत और स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि अब तक बंगाल का मुस्लिम समाज कुछ चुनिंदा राजनीतिक दलों के साथ जुड़ा रहा है, लेकिन इससे उनके सामाजिक और आर्थिक हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है। ओवैसी ने आगे कहा कि आज भी मुस्लिम समुदाय का एक बड़ा वर्ग गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। इन परिस्थितियों से बाहर निकलने के लिए आवश्यक है कि मुस्लिम समाज राजनीतिक रूप से सशक्त बने और अपने अधिकारों के लिए स्वयं आवाज उठाए। एआईएमआईएम इसी उद्देश्य के साथ चुनावी मैदान में उतरी है। वहीं, आम जनता उन्नयन पार्टी के साथ गठबंधन टूटने और एआईएमआईएम को तृणमूल कांग्रेस की ‘बी टीम’ बताए जाने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए ओवैसी ने कहा कि कभी उनकी पार्टी को भाजपा की बी टीम कहा जाता है तो कभी तृणमूल कांग्रेस की, जबकि वास्तविकता यह है कि एआईएमआईएम किसी भी दल की बी टीम नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी पार्टी आम जनता की आवाज बनकर उभरी है और वंचित तथा पिछड़े वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ओवैसी का यह दौरा रानीगंज सहित आसपास के क्षेत्रों में एआईएमआईएम की चुनावी रणनीति को धार देने के साथ-साथ मुस्लिम मतदाताओं को आकर्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *