तारकेश्वर में पोस्टर विवाद को लेकर माहौल गरम, भाजपा प्रत्याशी संतु पान ने जताया विरोध

हुगली, 13 अप्रैल । तारकेश्वर में भाजपा प्रत्याशी संतु पान को लेकर लगाए गए व्यंग्यात्मक पोस्टरों के कारण राजनीतिक माहौल काफी गर्म हो गया है। इस मुद्दे को लेकर विरोध दर्ज कराने के लिए रविवार रात स्वयं प्रत्याशी और पार्टी नेतृत्व ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में संतु पाने ने आरोप लगाया कि उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से जानबूझकर इस तरह के आपत्तिजनक और व्यंग्यात्मक पोस्टर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ मेरे खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है। विपक्ष की डर की राजनीति का यह एक उदाहरण है।”

इस मामले में उन्होंने सीधे तौर पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस की ओर से इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया गया है।

संतु पान ने आगे बताया कि इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन से शिकायत की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संदेश दिया।

इस पोस्टर विवाद के चलते तारकेश्वर के राजनीतिक माहौल में एक बार फिर तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है, जिससे आगामी चुनाव से पहले क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *