उत्तरपाड़ा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार अच्छेलाल यादव ने नामांकन लिया वापस

हुगली, 13 अप्रैल । कनाईपुर पंचायत के पूर्व प्रधान अच्छेलाल यादव ने सोमवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। उन्होंने उत्तरपाड़ा विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था। उनके इस फैसले ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।
नामांकन वापस लेने के बाद अच्छेलाल यादव ने एक संदेश जारी कर अपने निर्णय के पीछे की वजह स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उत्तरपाड़ा के आम लोगों की इच्छा का सम्मान करते हुए उन्होंने यह कदम उठाया है, ताकि उनके कीमती वोट व्यर्थ न जाएं और किसी विशेष दल को अनुचित लाभ न मिले।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि उत्तरपाड़ा के आम लोगों से मुझे यह अनुरोध मिला कि उनके बहुमूल्य वोट बंटकर किसी एक पक्ष को फायदा न पहुंचाएं। जनता की इसी भावना का सम्मान करते हुए मैंने अपना नामांकन वापस ले लिया है। उन्होंने लोगों द्वारा मिले प्रेम, समर्थन और सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनता का साथ उन्हें इसी तरह मिलता रहेगा।
अच्छेलाल यादव ने अंत में लोगों से स्वस्थ और सुरक्षित रहने की अपील करते हुए कहा कि वे आगे भी जनता के साथ जुड़े रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *