कुल्टी में तृणमूल की विशाल जनसभा, सायनी घोष का बीजेपी पर करारा हमला

कुल्टी। विधानसभा चुनाव को लेकर कुल्टी क्षेत्र में राजनीतिक माहौल तेज़ हो गया है। शनिवार शाम बराकर में तृणमूल कांग्रेस द्वारा आयोजित एक विशाल जनसभा में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने चुनावी समीकरणों को नया मोड़ दे दिया।
इस जनसभा की मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद सायनी घोष रहीं, जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए उसे “बाहरी” करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा नाबन्ना में बैठने का सपना देख रही है, लेकिन बंगाल की जनता उन्हें इसका जवाब देगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि “दीदी हवाई चप्पल पहनकर भी सत्ता की ऊंचाइयों तक पहुंचने की ताकत रखती हैं।” साथ ही उन्होंने भाजपा के “हिंदू खतरे में है” जैसे मुद्दों को भ्रामक बताते हुए विकास के सवाल पर केंद्र सरकार को घेरा।
तृणमूल प्रत्याशी अभिजीत घटक के समर्थन में उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि कुल्टी के विकास के लिए उन्हें विजयी बनाना आवश्यक है।
जनसभा के बाद आयोजित प्रेस मीट में वरिष्ठ नेता अख्तर हुसैन ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए तृणमूल को अपना समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनका नामांकन दाखिल करना एक भूल थी और अब वे पूरी तरह पार्टी के साथ हैं। इस दौरान उज्जल चटर्जी के प्रति भी समर्थन जताया गया।
वहीं अभिजीत घटक ने कुल्टी के समग्र विकास का रोडमैप प्रस्तुत करते हुए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, फायर ब्रिगेड सुविधा, बेहतर सड़क निर्माण और सम्मेलनी हॉल के आधुनिकीकरण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
जनसभा में उमड़ी भीड़ और नेताओं के आक्रामक तेवरों ने संकेत दे दिया है कि कुल्टी विधानसभा में चुनावी मुकाबला बेहद रोचक और कड़ा होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *