रानीगंज में बड़े चावल कारोबारी के ठिकानों पर ईडी का छापा, सुबह से जारी कार्रवाई

रानीगंज। रानीगंज शहर के शिशुबागान मोड़ इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने एक बड़े चावल कारोबारी के घर और उससे जुड़े ठिकानों पर अचानक छापेमारी शुरू कर दी। यह कार्रवाई रानीगंज के एनएसबी रोड स्थित कारोबारी अजय कयाल के आवास पर की गई, जहां सुबह करीब 6 बजे चार गाड़ियों में सवार होकर ईडी के अधिकारी केंद्रीय बलों के साथ पहुंचे। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है। इस दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए। कार्रवाई की गोपनीयता बनाए रखने के लिए पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया, जिससे स्थानीय लोगों में जिज्ञासा और हलचल का माहौल बन गया। सूत्रों के अनुसार, अजय कयाल का चावल कारोबार काफी व्यापक स्तर पर फैला हुआ है। उनका व्यापार न केवल पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों तक सीमित है, बल्कि विदेशों के कई देशों तक भी पहुंच रखता है। इसके अलावा नागालैंड सहित विभिन्न राज्यों के व्यापारियों के साथ उनके व्यावसायिक संबंध होने की जानकारी सामने आई है।प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, कारोबारी के पास खाद्य आपूर्ति से जुड़ी 5 से 6 कंपनियां हैं, जिनका संचालन परिवार के विभिन्न सदस्य मिलकर करते हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी वित्तीय अनियमितता या लेनदेन से जुड़े मामले में यह छापेमारी की जा रही है। हालांकि, ईडी की ओर से अभी तक इस कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। गौरतलब है कि अजय कयाल लंबे समय से रानीगंज में पारंपरिक रूप से चावल के कारोबार से जुड़े हुए हैं और स्थानीय व्यापारिक जगत में एक प्रमुख नाम माने जाते हैं। फिलहाल ईडी की जांच जारी है और इस कार्रवाई से जुड़े तथ्यों के सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *