पश्चिम बर्दवान के नौ सीटों पर 85 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है

आसनसोल, 10 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पश्चिम बर्दवान जिले की नौ विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को अंतिम उम्मीदवार सूची प्रकाशित कर दी गई। इस सूची के अनुसार, अब जिले में कुल 85 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि तक कुल छह प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिसके बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है।
नामांकन प्रक्रिया 30 मार्च से शुरू हुई थी, जिसमें पंजीकृत राजनीतिक पार्टियों और निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 91 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नौ सीटों पर उम्मीदवारों की कुल संख्या घटकर 85 हो गई है।

स्थिति के अनुसार, पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 11 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। दुर्गापुर पूर्व में नौ, दुर्गापुर पश्चिम में सबसे अधिक 14, रानीगंज में आठ, जमुरिया में नौ, आसनसोल दक्षिण में आठ, आसनसोल उत्तर में 13, कुल्टी में छह और बाराबनी में सात उम्मीदवार मैदान में हैं।

स्पष्ट है कि जिले की सभी सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा, जबकि दुर्गापुर पश्चिम और आसनसोल उत्तर में मुकाबला सबसे अधिक दिलचस्प रहने की संभावना है।
नामांकन वापसी के दौरान विभिन्न सीटों से निर्दलीय और कुछ पंजीकृत दलों के उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए। बाराबनी विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार मुकुल उपाध्याय, आसनसोल दक्षिण से निर्दलीय उम्मीदवार संजीत कुमार यादव और कुल्टी से आम जनता उन्नयन पार्टी के मोहम्मद ताहिर खान ने नामांकन वापस लिया। इन तीनों उम्मीदवारों के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं पाया गया।
वहीं आसनसोल उत्तर से निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद रिजवान, रानीगंज से निर्दलीय उम्मीदवार गोपाल चंद आचार्य और दुर्गापुर पूर्व से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के मोहम्मद नियाज अहमद ने भी नामांकन वापस लिया।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद रिजवान और गोपाल चंद आचार्य के खिलाफ आपराधिक पृष्ठभूमि पाई गई, जबकि मोहम्मद नियाज अहमद के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था।
उल्लेखनीय है कि प्रारंभिक नामांकन के दौरान पांडेश्वर से 11, दुर्गापुर पूर्व से 10, दुर्गापुर पश्चिम से 14, रानीगंज से नौ, जमुरिया से नौ, आसनसोल दक्षिण से नौ, आसनसोल उत्तर से 14, कुल्टी से सात और बाराबनी से आठ उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। अंतिम सूची जारी होने के बाद पश्चिम बर्दवान जिले की सभी नौ सीटों पर चुनावी मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *