आरामबाग में भाजपा उम्मीदवार का जोरदार जनसंपर्क अभियान, व्यवसायी समेत दो ने ली सदस्यता


हुगली, 06 अप्रैल । हुगली जिले के आरामबाग नगरपालिका के वार्ड नंबर चार में रविवार शाम चुनावी प्रचार के दौरान राजनीतिक माहौल गरमा गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हेमंत बाग ने क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया।
प्रचार समाप्त होने के बाद पुरातन बाजार इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय के सामने भाजपा ने सभा आयोजित की। इसी दौरान वार्ड निवासी सुभाष चंद्र दोलुई और स्थानीय व्यवसायी आलोक धारा ने औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेताओं ने उन्हें पार्टी का झंडा सौंपकर स्वागत किया।
सूत्रों के अनुसार, सुभाष चंद्र दोलुई पहले किसी दल से सीधे जुड़े नहीं थे, लेकिन अब चुनाव में भाजपा के पक्ष में सक्रिय रहेंगे। आलोक धारा ने दावा किया कि वे पहले भाजपा से जुड़े थे, मगर व्यावसायिक दबाव में तृणमूल कांग्रेस में चले गए थे और अब वापस लौट आए हैं।
भाजपा उम्मीदवार हेमंत बाग ने कहा, “लोग स्वतःस्फूर्त रूप से भाजपा में शामिल हो रहे हैं। बदलाव की लहर साफ दिख रही है।”
तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार मीता बाग ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘योजनाबद्ध नाटक’ बताया और कहा कि ये लोग कभी उनके दल के कार्यकर्ता थे ही नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *