
दमकल की तत्परता से एक घंटे में स्थिति पर काबू, कोई हताहत नहीं
दुर्गापुर। पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित बंगाल अंबुजा इलाके में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इंडियन आयल कारपोरेशन की आधुनिक गैस पाइपलाइन अचानक फट गई और उससे तेज़ी से गैस का रिसाव शुरू हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अभियान शुरू किया। गैस रिसाव के चलते सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई।
दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाइपलाइन से हो रहे गैस रिसाव को सफलतापूर्वक बंद कर दिया। समय रहते कार्रवाई होने के कारण किसी भी प्रकार की बड़ी दुर्घटना टल गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर तकनीकी खराबी को इस हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद से इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और संबंधित विभागों को पाइपलाइन की सुरक्षा की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
