
मेदिनीपुर, 1 अप्रैल । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार सुबह से देर रात तक पश्चिम मेदिनीपुर और बांकुड़ा जिलों में कई चुनावी सभाओं और बैठकों को संबोधित करती रहीं। चंद्रकोणा, गढ़बेटा और विष्णुपुर में आयोजित सभाओं में उमड़ी अपार भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनता का यह समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इससे राज्य में विकास की राजनीति को ही बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर कटाक्ष करते हुए कविगुरु रवींद्रनाथ ठाकुर की पंक्तियों का उल्लेख किया, “नागिनें चारों ओर जहरीली सांसें छोड़ रही हैं।” उन्होंने कहा कि जब शांति और सौहार्द की बातों का मजाक उड़ाया जाने लगे, तब लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता को आगे आना पड़ता है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि “दिल्ली के जमींदार” बंगाल की धरती पर सांप्रदायिकता फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग बंगाल की संस्कृति और अस्मिता का अपमान करते हैं तथा आम लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने की कोशिश करते हैं, उन्हें राज्य की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
अपने भाषणों में ममता बनर्जी ने मेदिनीपुर, खड़गपुर (ग्रामीण), शालबनी, ओंदा और कोतलपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता एकजुट होकर कुप्रचार और विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ वोट देगी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करेगी।
मंगलवार की रैलियों के बाद मुख्यमंत्री का चुनावी अभियान बुधवार को भी जारी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह बीरभूम जिले के नानूर विधानसभा क्षेत्र के अल-अमीन मॉडल स्कूल, पापुरी ग्राउंड में जनसभा करेंगी। यहां पार्टी उम्मीदवार बिधान चंद्र माझी के समर्थन में लोगों से वोट मांगेंगी। इसके बाद मुर्शिदाबाद जिले के बुरवान विधानसभा क्षेत्र के डाकबंगला किशन मंडी ग्राउंड में प्रतिमा रजक के पक्ष में सभा को संबोधित करेंगी। अंत में, जंगीपुर के भोलाडांगा फुटबॉल ग्राउंड में नबग्राम विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार प्रणब चंद्र दास के समर्थन में जनसभा करेंगी।
