
कोलकाता, 30 मार्च । फिल्म एवं टीवी जगत के प्रसिद्ध अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की हादसे में हुई मौत को लेकरबांग्ला अभिनय जगत में व्याप्त शोक की लहर के बीच राज्य के मुख्य सचिव दुष्मंत नारियावाला सोमवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। राहुल बनर्जी का रविवार शाम दीघा में समुद्र में डूबने से मौत हो गई थी। धन हो गया।
रविवार को ही जानकारी दी गई थी कि सोमवार को कांथी महकमा अस्पताल में उनके शव का मरणोपरांत परीक्षण किया जाएगा। कलाकार मंच के सूत्रों के अनुसार सोमवार सुबह आठ बजे से परीक्षण शुरू होना था, लेकिन सुबह नौ बजे के बाद भी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी थी।
अभिनेता के पार्थिव शरीर को दीघा से कोलकाता के विजयगढ़ स्थित उनके घर तक लाने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ली है। घटना स्थल पर राज्य के मुख्य सचिव दुष्मंत नारियावाला भी पहुंच चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने अभिनेता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने रविवार को एक्स पर लिखा कि इस घटना से वह अत्यंत दुखी हैं और यह विश्वास करना कठिन है कि ऐसा हो गया। उन्होंने राहुल को अपना प्रिय अभिनेता और अच्छा इंसान बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में अभिनेता के परिवार, परिजनों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बंगाली सिनेमा और धारावाहिक जगत में राहुल का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा और उनका अचानक निधन अभिनय जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
राहुल के निधन की खबर मिलते ही उनकी पत्नी और अभिनेत्री प्रियंका सरकार अपनी सास के पास पहुंचीं। कुछ समय वहां रहने के बाद वह अपने पुत्र सहज के पास गईं और फिर देर रात दोबारा परिवार के पास लौटीं।
विजयगढ़ इलाके में सोमवार दोपहर का इंतजार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अभिनेता का पार्थिव शरीर सोमवार दोपहर तक उनके घर लाया जा सकता है, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है।
