पश्चिम बंगाल में राजनीतिक लड़ाई जनता बनाम सरकार बन चुकी है : अमित मालवीय

कोलकाता, 30 मार्च । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अमित मालवीय ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा निशाना साधा है। सोमवार तड़के अपने एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि आज का चुनाव दो राजनीतिक दलों के बीच की लड़ाई नहीं, बल्कि जनता और उस शासन के बीच है जिसने अपनी नैतिक वैधता खो दी है।

मालवीय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ऐसे लोगों को संरक्षण देती हैं, जिन्होंने गंभीर मामलों में आरोपितों का बचाव किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कामदुनी सामूहिक दुष्कर्म मामले में न्याय के लिए आवाज उठाने वालों को अपमानित किया गया और उन्हें हाशिये पर डाल दिया गया।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों को कभी नजरअंदाज किया गया या दबाने की कोशिश की गई, वही अब न्याय की मांग को लेकर खड़े हो रहे हैं। मालवीय के अनुसार, पानीहाटी से भाजपा उम्मीदवार रत्ना देवनाथ और कामदुनी की तुम्पा कयाल जैसे लोगों का भाजपा के साथ जुड़ना राजनीतिक कदम नहीं बल्कि न्याय की लड़ाई का प्रतीक है।

भाजपा नेता ने अपने बयान में कहा कि राज्य में भाजपा अब केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि आम लोगों की आवाज का मंच बनती जा रही है, जो अराजकता और कथित अत्याचार के खिलाफ खड़े हैं।

उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा कि यह चुनाव तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच नहीं बल्कि तृणमूल कांग्रेस और बंगाल की जनता के बीच है और जनता अपना मन बना चुकी है। इस बार ममता बनर्जी की विदाई तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *