जामुड़िया में तृणमूल प्रत्याशी हरेराम सिंह के खिलाफ पोस्टर विवाद पर सियासी घमासान, टीएमसी का सड़क जाम कर प्रदर्शन

जामुड़िया। विधानसभा चुनाव की बढ़ती सरगर्मी के बीच जामुड़िया के बीजपुर इलाके में एक पोस्टर विवाद ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। बीजपुर स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय की दीवार पर जामुड़िया से पार्टी प्रत्याशी हरेराम सिंह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी लिखे पोस्टर लगाए जाने की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना के विरोध में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बीजपुर स्थित पार्टी कार्यालय के समक्ष सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने इस कृत्य को लोकतंत्र और राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने मांग की कि इस घृणित कार्य में शामिल दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक-एक अध्यक्ष सुब्रत अधिकारी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे एक सुनियोजित साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि विधायक एवं प्रत्याशी हरेराम सिंह की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से यह कृत्य किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे भाजपा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) तथा एनसीपी के कार्यकर्ताओं की मिलीभगत हो सकती है। वहीं, इन आरोपों को खारिज करते हुए जामुड़िया से भाजपा प्रत्याशी डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि इस घटना से उनकी पार्टी का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि यह मामला तृणमूल कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी का परिणाम प्रतीत होता है और विपक्ष पर निराधार आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल, इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *