
अंडाल के काजोड़ा से घर-घर जनसंपर्क, तृणमूल सरकार पर भ्रष्टाचार और कुशासन के आरोप
रानीगंज। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार पार्थो घोष ने बुधवार सुबह अंडाल ब्लॉक के काजोड़ा स्थित ऐतिहासिक कालअग्नि मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने चुनावी अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। मंदिर पहुंचकर उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा की और पुरोहितों का आशीर्वाद प्राप्त कर अपनी जीत का संकल्प दोहराया। इसके बाद उन्होंने काजोड़ा गांव में घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान क्षेत्र में भाजपा समर्थकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सैकड़ों कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनके समर्थन में सड़कों पर उतरे, जिससे पूरा इलाका चुनावी रंग में रंगा नजर आया।

जनसंपर्क के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी पार्थो घोष का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। लोगों से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिलाया। सभा को संबोधित करते हुए पार्थो घोष ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में केवल भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला रहा है। अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी जमीनों की खुलेआम लूट हुई है और आम जनता बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि आज भी क्षेत्र जल संकट और अवैध गतिविधियों की चपेट में है, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। तृणमूल कांग्रेस द्वारा रानीगंज से उम्मीदवार बदले जाने पर भी उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पूर्व विधायक विकास कार्यों में पूरी तरह विफल रहे, जिसके कारण पार्टी को नया चेहरा सामने लाना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि इस बार पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और राज्य में भाजपा की सरकार बनना तय है। इस मौके पर भाजपा के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें मंडल-दो संयोजक शांतनु मुखर्जी, मंडल-दो महासचिव इंद्रजीत सिंह, भाजपा युवा मोर्चा जिला सचिव संजय चौधरी, मुन्ना सिंह, उज्ज्वल बाउरी सहित अन्य सक्रिय समर्थक शामिल थे। कुल मिलाकर, रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल दिन-ब-दिन गर्म होता जा रहा है और सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुके हैं।
