आसनसोल में गैस संकट पर फूटा गुस्सा, खाली सिलेंडर रखकर जीटी रोड जाम

आसनसोल। रसोई गैस की भारी किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा। जीटी रोड स्थित एलआईसी के पास बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने खाली सिलेंडर सड़क पर रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कालाबाजारी के गंभीर आरोप लगाए।
इस विरोध प्रदर्शन के चलते जीटी रोड घंटों जाम रहा, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्होंने करीब एक महीने पहले गैस सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं मिली। हैरानी की बात यह है कि उनके मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवरी का मैसेज आ चुका है। जब उपभोक्ता एजेंसी के कार्यालय पहुंचते हैं, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता और केवल आश्वासन देकर लौटा दिया जाता है।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने गैस एजेंसी से बातचीत कर जल्द समस्या के समाधान और सिलेंडर उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद ही प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाया और यातायात सामान्य हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *