पांडवेश्वर में तृणमूल का शक्ति प्रदर्शन, नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब

पांडवेश्वर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजते ही पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। चुनावी माहौल के बीच रविवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रत्याशी एवं क्षेत्र के निवर्तमान विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के समर्थन में एक विशाल और हाईवोल्टेज जुलूस निकाला गया, जिसने पूरे क्षेत्र का राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया। यह भव्य रैली डीवीसी पेट्रोल पंप से प्रारंभ होकर पांडवेश्वर रेलवे स्टेशन तक निकाली गई। जुलूस में हजारों की संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ी, जिससे क्षेत्र की सड़कें मानो जनसमुद्र में तब्दील हो गईं। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। चारों ओर ‘ममता बनर्जी जिंदाबाद’ और ‘विकास के साथ तृणमूल’ जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। हाथों में पार्टी के झंडे लिए समर्थक पूरे जोश और उत्साह के साथ जुलूस में शामिल हुए। इस दौरान राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं—‘लक्ष्मी भंडार’ और ‘कन्याश्री’—का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। डीवीसी मोड़ से लेकर स्टेशन रोड तक कई किलोमीटर लंबा यह जुलूस क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की मजबूत पकड़ का प्रदर्शन करता नजर आया। जुलूस के अग्रभाग में चल रहे प्रत्याशी नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने रास्ते भर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। वे आम लोगों के बीच एक जनप्रतिनिधि के साथ-साथ ‘दादा’ की छवि में घुलते-मिलते नजर आए। उन्होंने जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि पांडवेश्वर की जनता एक बार फिर विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर तृणमूल कांग्रेस का साथ देगी। इस अवसर पर चक्रवर्ती ने कहा कि राज्य सरकार ने बीते वर्षों में आम जनता के हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि पांडवेश्वर की जनता विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए पुनः तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह के विशाल जनसमर्थन से स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि पांडवेश्वर में मुकाबला काफी रोचक और कड़ा होने वाला है। तृणमूल कांग्रेस का यह शक्ति प्रदर्शन आगामी चुनाव में पार्टी की रणनीति और जनाधार को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *