राजस्थान परिषद द्वारा राजस्थान दिवस समारोह: 29 मार्च को ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर स्मारिका का लोकार्पण


कोलकाता, 21 मार्च। राजस्थान परिषद द्वारा राजस्थान दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले आयोजनों की कड़ी में आगामी 29 मार्च, रविवार को 77वां राजस्थान दिवस समारोह मनाया जाएगा। इस अवसर पर ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ति’ पर परिषद द्वारा प्रकाशित एक संग्रहणीय स्मारिका का लोकार्पण किया जाएगा।
परिषद के महामंत्री श्री अरुण प्रकाश मल्लावत ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय ग्रंथागार (नेशनल लाइब्रेरी) के सभागार में सुप्रसिद्ध समाजसेवी एवं उद्योगपति श्री बेणु गोपाल बांगड़ की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर होंगे। मुख्य वक्ता के रूप में राजस्थान के नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा उपस्थित रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि होंगे नेशनल लाइब्रेरी के महानिदेशक श्री अजय प्रताप सिंह। समारोह में सुप्रसिद्ध गायिका मारुति मोहता एवं सहकलाकारों द्वारा ‘वंदे मातरम्’ की संगीतमय प्रस्तुति के साथ-साथ राजस्थानी गीत भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
श्री मल्लावत ने बताया कि राजस्थान परिषद स्थापना काल से ही राजस्थानी कला, संस्कृति एवं साहित्य के उत्थान एवं प्रचार-प्रसार हेतु प्रयत्नशील है। इसके लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस भव्य आयोजन के लिए कोलकाता स्थित प्रवासी राजस्थानी नागरिक परिषदों के कार्यकर्ता अत्यधिक उत्साहित हैं। आयोजन में कोलकाता की सभी प्रवासी राजस्थानी नागरिक परिषदों एवं संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। उन्होंने सभी प्रवासियों से इस सांस्कृतिक समारोह को अपनी उपस्थिति से सफल बनाने का निवेदन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *