विस चुनाव 2026 : खड़गपुर में दिलीप घोष का जोरदार प्रचार अभियान

खड़गपुर, 20 मार्च । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर खड़गपुर में भाजपा नेता दिलीप घोष ने शुक्रवार को देर शाम तक लगातार जनसंपर्क और प्रचार अभियान चलाया। धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेते हुए उन्होंने बदलाव का संदेश दिया।
दिन की शुरुआत खड़गपुर के सीएमई गेट (वार्ड 27) स्थित मां संतोषी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। यहां उन्होंने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित करना उनकी प्राथमिकता है।
इसके बाद तालबागिचा बाजार में चाय-चर्चा और दीवार लेखन के माध्यम से प्रचार किया गया। यहां उन्होंने राज्य में बेरोजगारी और उद्योगों की कमी को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए परिवर्तन की आवश्यकता बताई।

दोपहर में इंदा क्षेत्र में सिंधी नववर्ष और झूलेलाल जयंती कार्यक्रम में शामिल होकर दिलीप घोष ने सिंधी समाज के लोगों से संवाद किया और उनकी व्यापारिक परंपरा की सराहना की। इसके बाद भारत सेवाश्रम संघ क्षेत्र में भारतीय जनता मजदूर सेल के नए कार्यालय का उद्घाटन करते हुए उन्होंने श्रमिकों के पलायन का मुद्दा उठाया।
शाम को धोबीघाट मैदान में आयोजित अखाड़ा प्रदर्शनी में भी घोष ने भाग लिया और लाठी चलाकर पारंपरिक कौशल का प्रदर्शन किया। इसे चुनावी माहौल में सांस्कृतिक जुड़ाव और जमीनी संपर्क की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
दिनभर के कार्यक्रमों के अंत में उन्होंने एक बार फिर राजनीतिक संदेश देते हुए कहा कि बंगाल में विकास, रोजगार और कानून व्यवस्था सुधारने के लिए सत्ता परिवर्तन अनिवार्य है। जनता इस बार बदलाव के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *