
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उमीदवार के रूप में डॉ. बिजन मुखर्जी के नाम की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा उम्मीदवार घोषित होने के बाद चुनाव प्रचार के पहले दिन डॉ. मुखर्जी ने जामुड़िया के अपने पैतृक ग्राम बिजपुर स्थित प्राचीन ‘बड़मा’ काली मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्होंने अपने चुनाव अभियान का शुभारंभ किया।पूजा-अर्चना के उपरांत पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. मुखर्जी ने बताया कि ‘बड़मा’ काली माता का यह मंदिर लगभग 400 से 500 वर्ष पुराना है और इस देवी के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है।उन्होंने कहा, “माता से मेरी एकमात्र प्रार्थना है कि जामुड़िया क्षेत्र के समस्त निवासी सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त करें तथा दीर्घकाल से चली आ रही समस्याओं से उन्हें शीघ्र मुक्ति मिले।”इस अवसर पर उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए परिवर्तन की आवश्यकता पर बल दिया। आत्मविश्वास व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार जनता परिवर्तन के पक्ष में अपना मत प्रकट करेगी तथा भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत प्राप्त होगा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. मुखर्जी भावुक भी नजर आए। अपनी मां को याद करते हुए उनकी आंखें नम हो गईं, जिससे वहां उपस्थित लोग भी भावुक हो उठे। इस भावनात्मक क्षण ने उनके व्यक्तित्व का मानवीय पक्ष भी सामने रखा। वही इस दौरान डॉ. बिजन मुखर्जी ने जामुड़िया क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण वादे किए। उन्होंने विशेष रूप से क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट को दूर करने को अपनी प्राथमिकता बताया। इसके साथ ही उन्होंने खराब सड़कों की मरम्मत, आम जनता की दैनिक समस्याओं के समाधान तथा निजी कारखानों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया। वही प्रचार के पहले ही दिन डॉ.बिजन मुखर्जी के समर्थन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतरे, जिससे उनके अभियान को प्रारंभिक स्तर पर गति मिलती दिखाई दी। वही राजनीतिक जानकारों मानना है कि सशक्त आरंभ के साथ डॉ. बिजन मुखर्जी जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चुनावी परिदृश्य को अत्यंत रोचक बना सकते हैं। अब यह देखना है कि क्षेत्र की जनता उनके आश्वासनों एवं अपील पर कितना विश्वास व्यक्त करती है और आगामी विधानसभा चुनाव में किसे अपना जनप्रतिनिधि चुनती है।
