
कार्यालय उद्घाटन के साथ कर्मचारियों का सम्मान, शहर को स्वच्छ-सुंदर बनाने का संकल्प
मधुपुर। गुरुवार को मधुपुर नगर परिषद में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई, नवनियुक्त उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज ने चुनावी प्रक्रिया की पूर्णता और शपथ ग्रहण के बाद विधिवत रूप से अपने कार्यालय का उद्घाटन कर पदभार संभाला।
इस गरिमामय अवसर पर उन्होंने नगर परिषद के समर्पित और कर्मठ कर्मचारियों को मिठाई एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों के सहयोग और निष्ठा के बिना विकास की कल्पना अधूरी है।
कार्यक्रम में नगर प्रशासक, माननीय अध्यक्ष महोदया, सभी वार्ड पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनके योगदान से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अपने संबोधन में उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज ने दृढ़ संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से मधुपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा।
