
पांडवेश्वर। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी एवं वर्तमान विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने गुरुवार को धार्मिक वातावरण के बीच अपने चुनावी अभियान का शुभारंभ किया। नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने पांडवेश्वर क्षेत्र के श्याम सुंदरपुर झरिया डांगाल स्थित बजरंगबली मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और विकास के लिए भगवान से प्रार्थना की।पूजा-अर्चना के उपरांत उन्होंने अपने चुनाव प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत की।मंदिर से निकलते ही नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती सीधे जनता के बीच पहुंचे और डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान शुरू किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और गलियों का दौरा किया तथा स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मतदाताओं से संवाद स्थापित करते हुए.आगामी चुनाव में समर्थन देने की अपील भी की। जनसंपर्क अभियान के दौरान चक्रवर्ती ने केवल प्रचार ही नहीं किया, बल्कि लोगों की समस्याओं और शिकायतों को भी गंभीरता से सुना। उन्होंने कई स्थानों पर स्थानीय निवासियों की समस्याओं को अपनी डायरी में नोट किया और उनके समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान वे बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हुए भी नजर आए, जिससे उनके प्रति लोगों में आत्मीयता का माहौल देखा गया। इस अवसर पर नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कहा, “मैंने हमेशा जनता के साथ खड़े रहकर काम किया है। आगे भी विकास की गति को बनाए रखने के लिए आप सभी का सहयोग और आशीर्वाद चाहता हूं।” उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र की जनता एक बार फिर उन्हें सेवा का अवसर प्रदान करेगी।
