आसनसोल दक्षिण में अग्निमित्रा पाल का तृणमूल पर तीखा हमला, विकास और बेरोजगारी को लेकर उठाए गंभीर सवाल

आसनसोल। विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। इसी क्रम में आसनसोल दक्षिण की विधायक सह बर्तमान भाजपा उमीदवार और भाजपा नेत्री अग्निमित्रा पाल ने तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी तापस बनर्जी समेत अन्य नेताओं पर क्षेत्र के विकास में विफल रहने का आरोप लगाया।अग्निमित्रा पाल ने कहा कि यह चुनाव केवल किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास और भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि तापस बनर्जी, नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती और मलय घटक—इनमें से किसी भी नेता ने अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस और स्थायी विकास कार्य नहीं किए हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब वर्ष 2011 में संबंधित नेता विधायक बने थे, तब उन्होंने क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर क्यों नहीं उपलब्ध कराए। अग्निमित्रा पाल ने यह भी कहा कि आज भी आसनसोल दक्षिण क्षेत्र के कई लोग कच्चे और मिट्टी के घरों में रहने को मजबूर हैं, जो विकास के दावों की वास्तविकता को उजागर करता है। आगे उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर उनके पास पहुंचते हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि क्षेत्र में अब भी बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा शासन व्यवस्था में इन समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अग्निमित्रा पाल ने दावा किया कि जब तक पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस को हटाकर भाजपा को सत्ता में नहीं लाया जाएगा, तब तक राज्य में वास्तविक परिवर्तन संभव नहीं है। इसके साथ उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में जनता विकास, रोजगार और बेहतर भविष्य के मुद्दों पर फैसला करेगी, और उन्हें विश्वास है कि लोग इस बार बदलाव के पक्ष में मतदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *