
सिलीगुड़ी, 16 मार्च । चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही पूरे राज्य में जोर-शोर से चुनाव प्रचार शुरू हो गया है। इसी के तहत सोमवार सुबह से सिलीगुड़ी के विभिन्न इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की सक्रियता देखने को मिली। शहर में भाजपा की ओर से दीवार लेखन अभियान शुरू किया गया, जहां पार्टी के झंडे हाथ में लेकर कार्यकर्ताओं को नारे लगाते हुए प्रचार करते देखा गया।
इस दीवार लेखन कार्यक्रम में सिलीगुड़ी के वर्तमान भाजपा विधायक शंकर घोष भी मौजूद थे। उनकी उपस्थिति से कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह और बढ़ता हुआ नजर आया। पार्टी के नारों के साथ पूरे इलाके में भाजपा के समर्थन में दीवारों पर लिखाई की गई। हालांकि अभी तक संबंधित सीट पर उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है।
विधायक शंकर घोष ने कहा कि राज्य के लोग अब बदलाव चाहते हैं। उनके अनुसार राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप अब लोगों के सामने स्पष्ट हो चुके है। इसी कारण आम लोग अब तृणमूल को वोट नहीं देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उम्मीदवारों की घोषणा के लिए अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बहुत जल्द पार्टी उम्मीदवारों के नाम घोषित करेगी।
