जामुड़िया में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ का जोरदार स्वागत, भाजपा नेताओं ने जनसभा में टीएमसी पर साधा निशाना

जामुड़िया। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही “परिवर्तन यात्रा” गुरुवार को जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र पहुंची। यह यात्रा जामुड़िया बाजार से होते हुए चाकदोला मोड़ स्थित मैदान के पास पहुंची, जहां भाजपा की ओर से एक जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के जिला नेता अपूर्व हाजरा ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अब बौखलाहट में गलत कदम उठा रही है। बाराबनी में जिस तरह से तृणमूल कांग्रेस समर्थित गुंडों द्वारा भाजपा की परिवर्तन यात्रा को रोकने का प्रयास किया गया, वह इस बात का संकेत है कि अब तृणमूल कांग्रेस के दिन गिने-चुने रह गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे पश्चिम बंगाल में परिवर्तन यात्रा निकालकर लोगों को जागरूक करने का काम कर रही है। इस यात्रा के माध्यम से राज्य में व्याप्त कथित गुंडा राज और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई जा रही है तथा लोगों से तृणमूल कांग्रेस सरकार को हटाकर बदलाव लाने की अपील की जा रही है। अपूर्व हाजरा ने आगे कहा कि आसनसोल के कुल्टी से एक तारीख को इस परिवर्तन यात्रा की शुरुआत हुई है और यह यात्रा जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र का परिभ्रमण करेगी। इसके माध्यम से भाजपा राज्य की जनता तक अपनी नीतियों और विकास के एजेंडे को पहुंचाने का प्रयास कर रही है। वहीं भाजपा की राज्य नेत्री प्रियंका टीबडेवाल ने भी सभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा को रोकने की कोशिश तृणमूल कांग्रेस की कायरता को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि पूरे पश्चिम बंगाल में भाजपा की लहर चल रही है और आने वाले समय में तृणमूल कांग्रेस तिनके की तरह बिखर जाएगी। प्रियंका टीबडेवाल ने कहा कि राज्य की जनता पिछले पंद्रह वर्षों के कुशासन से त्रस्त हो चुकी है और इस बार बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने लोगों से आगामी चुनाव में भाजपा का समर्थन कर राज्य में नई सरकार बनाने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, जिला ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष गौतम कुमार राय, जामुड़िया विधानसभा प्रभारी कल्याण चौबे, पीनाकी राय, तापस राय, प्रमोद पाठक, रंजीत नोनिया, देव बनर्जी, राजीव चटर्जी, गौतम मंडल, लखन बाउरी सहित अन्य कई भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। सभा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और भाजपा नेताओं ने परिवर्तन यात्रा को राज्य में बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *