
आसनसोल। कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी ईस्टर्न कोल्फील्डिंस लिमिटेड (ईसीएल) की चिकित्सा टीम ने सीआईएमईकॉन(CIMECON) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संगठन का नाम गौरवान्वित किया। यह प्रतिष्ठित सम्मेलन 28 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक बिलासपुर में आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन का आयोजन साउथ ईस्टर्न कोल्फील्डिंस लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा किया गया, जिसमें कोल् इंडिया लिमिटेड की सभी सहायक कंपनियों के डॉक्टरों ने भाग लिया। वही ईसीएल की ओर से सेंट्रल अस्पताल और विभिन्न एरिया अस्पतालों के आठ समर्पित डॉक्टरों की टीम ने सम्मेलन में भाग लिया। इस टीम का नेतृत्व ईसीएल के मुख्य चिकित्सा सेवा (सीएमएस) डॉ. सौरिंद्र नाथ साहा ने किया। उनके साथ कल्ला अस्पताल के प्रभारी सीएमओ डॉ. फैयाज़ अहमद भी टीम का हिस्सा थे। सम्मेलन के दौरान ईसीएल के डॉक्टरों ने अपनी शैक्षणिक क्षमता, चिकित्सकीय दक्षता और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पण का शानदार प्रदर्शन किया। सम्मेलन के दौरान ईसीएल के लिए सबसे गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब सकतोड़िया अस्पताल के डिप्टी सीएमओ एवं विभागाध्यक्ष (मेडिसिन) डॉ. सत्राजित रॉय को उनके उत्कृष्ट योगदान और चिकित्सकीय सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित “चेयरमैन अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके लंबे समय से किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य और चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों का प्रतीक है। इसके अलावा सकतोड़िया अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अरिजीत बनर्जी ने केस प्रेजेंटेशन श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए विशेष प्रशंसा और सम्मान प्राप्त किया। उनके अकादमिक प्रदर्शन ने ईसीएल का मान और भी बढ़ाया। सम्मेलन का एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक आकर्षण डॉ. सोमसुभ्र दास का प्रभावशाली व्याख्यान रहा, जिन्होंने इम्यूनोथेरेपी विषय पर एक अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रभावशाली गेस्ट लेक्चर प्रस्तुत किया। उनके व्याख्यान ने उपस्थित डॉक्टरों और विशेषज्ञों को गहराई से प्रभावित किया और चिकित्सा क्षेत्र में नए दृष्टिकोण प्रदान किए।
इसके साथ ही सम्मेलन में भाग लेने वाले ईसीएल के अन्य डॉक्टरों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। सभी डॉक्टरों ने टीमवर्क, शैक्षणिक तैयारी और पेशेवर उत्कृष्टता का परिचय दिया। CIMECON 2026 सम्मेलन का उद्देश्य कोल इंडिया की विभिन्न सहायक कंपनियों के चिकित्सा विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर ज्ञान के आदान-प्रदान, अनुभव साझा करने और खनन क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने का था। सम्मेलन का मुख्य विषय “हेल्दी माइन्स” रहा, जो खनन क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल को दर्शाता है। ईसीएल के डॉक्टरों की इस शानदार उपलब्धि ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि ईसीएल की चिकित्सा टीम कोल इंडिया के स्वास्थ्य सेवा तंत्र में उत्कृष्टता, मरीजों की सुरक्षा और वैज्ञानिक चिकित्सा पद्धति के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
