पूर्व बर्धमान में चुनाव ड्यूटी पर आए सीआरपीएफ अधिकारी की हुई मौत

 

कोलकाता, 02 मार्च । पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियाें के बीच पूर्व बर्धमान में चुनाव ड्यूटी पर आए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक अधिकारी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक का नाम नगरेंद्र सिंह है।
सूत्रों के अनुसार, नगरेंद्र सिंह रविवार रात शाम अचानक अस्वस्थ हो गए और उनकी हालत बिगड़ने पर रात लगभग नौ बजे उन्हें बर्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। नगरेंद्र सिंह सीआरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत थे और बिहार के वैशाली जिले के सराई थाना क्षेत्र के निवासी थे। वे जमुई में सीआरपीएफ के 215 नंबर बैटालियन में तैनात थे।


मृत्यु के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार वे कैंप में अस्वस्थ हुए थे, लेकिन क्या यह सामान्य स्वास्थ्य समस्या थी या किसी अन्य कारण से हुई, इसकी जांच की जा रही है। उनके परिवार को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है।
राज्य में विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण केंद्रीय बल की तैनाती पहले ही कई जिलों में की जा चुकी है। बर्धमान में भी केंद्रीय बल का एक कंपनी कैंप स्थापित कर रखा गया था और रूट मार्च व जन संपर्क अभियान जारी था। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है और अधिकारियों ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *