जामुड़िया:एनएच-19 पर बिचाली से लदे वाहन में भीषण अग्निकांड, स्थानीय लोगों की तत्परता से चालक की जान बची

जामुड़िया। जामुड़िया थाना क्षेत्र के जेके नगर मोड़ इलाके स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आसनसोल की ओर जा रही बिचाली से लदी एक वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया,इस कारण कुछ समय के लिए आस पास इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन चलाते समय अचानक धुआं उठता देख चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग तेजी से फैल गई और वह वाहन के भीतर ही फंस गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने तत्काल प्रयास कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच सकी। स्थानीय लोगों ने प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन बिचाली अत्यंत ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग को खबर दी गई। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गईं। आग की लपटें और धुएं के गुबार के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा यातायात को सुचारु बनाने की व्यवस्था की। वही प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या अत्यधिक गर्मी हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में चालक को सुरक्षित बचा लिया गया, किंतु वाहन को भारी क्षति पहुंचने की आशंका है। इस घटना से क्षेत्र में कुछ समय तक दहशत और अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया, हालांकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू हो जाने से बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *