भाजपा की परिवर्तन सभा में उमड़ा जनसैलाब, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी का टीएमसी सरकार पर तीखा प्रहार

आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की आहट के बीच कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के चिनाकुड़ी में रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित परिवर्तन सभा राजनीतिक ऊर्जा और जनउत्साह का केंद्र बन गई। सभा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने क्षेत्र में चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया। राज्यव्यापी ‘परिवर्तन यात्रा’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने बदलाव का संदेश देते हुए राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सभा में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष तथा विष्णुपुर के सांसद सौमित्र खां मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला भाजपा अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, कुल्टी विधायक डॉ. अजय पोद्दार, पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी, कृष्णेंदु मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रदेश भाजपा ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके साथ भाजपा की राज्यव्यापी परिवर्तन यात्रा का समापन होगा। इस अभियान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेता अलग-अलग क्षेत्रों में जनसभाएं कर रहे हैं।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बंगाल में परिवर्तन की मांग अब जनआंदोलन का रूप ले चुकी है और जनता बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने लोगों से “बंगाल को बचाने की लड़ाई” में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ दशक में भ्रष्टाचार और कुशासन बढ़ा है तथा केंद्र सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं होने दिया गया। योजनाओं के नाम बदलकर प्रस्तुत करने और फंड के दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ा है। युवाओं के रोजगार संकट और नियुक्ति घोटालों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने अपने भाषण में कहा कि क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ और भ्रष्टाचार ने प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेयजल परियोजना के लिए केंद्र से भेजी गई हजारों करोड़ रुपये की राशि का लाभ अब तक आम लोगों तक नहीं पहुंच सका।
वहीं विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि भाजपा सबका साथ-सबका विकास की नीति पर विश्वास करती है और राज्य में भय एवं असुरक्षा का माहौल समाप्त करना जरूरी है। उन्होंने भाजपा को बंगाल के विकास और सुशासन का विकल्प बताया।
सभा के दौरान परिवर्तन के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारे लगाए और पूरे क्षेत्र में चुनावी उत्साह देखने को मिला। कुल्टी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से पहुंचे लोगों की भारी भागीदारी ने यह संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है। नेताओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत भी किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और उत्साहपूर्ण हो उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *