जन्मदिन के मौके पर हिंसामुक्त और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए भाजपा नेता ने माँ काली के दरबार में टेका मत्था, किया हवन

आसनसोल। आसनसोल के प्रसिद्ध घाघर बूढ़ी मंदिर में भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद अपने समर्थकों के साथ पहुंचे, जहां उन्होंने माँ काली की विधिवत पूजा-अर्चना की और विशेष हवन का आयोजन किया। इस पूजा और हवन का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2026 में पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को हिंसामुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की प्रार्थना करना था।
मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न हुआ। कृष्णा प्रसाद ने माँ काली से राज्य में शांति, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना की कामना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का पर्व चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में होना चाहिए, ताकि आम जनता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, भाजपा नेता सुकांत मजूमदार, सुवेंदु अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के दिशा-निर्देश पर लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। कृष्णा प्रसाद ने बताया कि वे और उनके समर्थक घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी का संदेश पत्र भी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। साथ ही जनता से मिले सुझावों को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष रखने और उन्हें चुनावी मुद्दों में शामिल करने का आश्वासन भी दे रहे हैं।
मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृष्णा प्रसाद ने अपना जन्मदिन भी समर्थकों के साथ मनाया और माँ काली का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *