बंगाल में चुनाव तैयारियों की समीक्षा टली, राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्रीय चुनाव आयोग का दौरा स्थगित

 

कोलकाता, 26 फरवरी । पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आने वाला केंद्रीय चुनाव आयोग का दौरा फिलहाल टाल दिया गया है। उप चुनाव आयुक्त ज्ञानेश भारती के नेतृत्व में आयोग का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आगामी एक मार्च को राज्य पहुंचने का कार्यक्रम था, जिसे अब आगे बढ़ा दिया गया है।
आयोग की ओर से आगामी दो मार्च को राज्य के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित थी। इस बैठक में मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों के अलावा जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों तथा विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना थी। प्रतिनिधिमंडल में आयोग की डीजी (आईटी) सीमा खन्ना के भी शामिल होने की जानकारी थी। राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने मतदाता सूची में ‘लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी’ के आरोप लगाते हुए सीमा खन्ना पर कई बार सवाल उठाए हैं।
सूत्रों के अनुसार, बंगाल सरकार के अनुरोध पर आयोग ने अपना कार्यक्रम स्थगित किया है। संशोधित तिथि और बैठक की नई रूपरेखा को लेकर गुरुवार तक अंतिम निर्णय नहीं हो पाया था। 28 फरवरी को राज्य में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होनी है। इसके बाद ही आयोग राज्य में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करना चाहता था।
हालांकि, आगामी एक मार्च को स्कूल सेवा आयोग की ग्रुप-सी श्रेणी की लिखित परीक्षा निर्धारित है, जिसमें लगभग आठ लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इस कारण जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों की व्यस्तता बढ़ना तय है। इसके अतिरिक्त उसी दिन कोलकाता के ईडेन गार्डेन में क्रिकेट के सुपर आठ चरण का एक महत्वपूर्ण मुकाबला भी प्रस्तावित है, जिसके चलते कोलकाता पुलिस पर अतिरिक्त दबाव रहेगा। इसके तुरंत बाद होली का त्योहार भी है, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि, मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद संभावित विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए भी एहतियातन यह निर्णय लिया गया हो सकता है। विशेषकर डीजी (आईटी) को लेकर उठे विवाद के मद्देनजर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विशेष नजर रखने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
इन सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार के अनुरोध पर चुनाव आयोग ने फिलहाल अपना दौरा स्थगित कर दिया है। अब नई तिथि की औपचारिक घोषणा का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *