
आसनसोल। आसनसोल की बदहाल नगर परिसेवा को लेकर भाजपा नेता एवं समाजसेवी कृष्णा प्रसाद ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आसनसोल नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम क्षेत्र के कई वार्डों में बुनियादी सुविधाएं चरमराई हुई हैं और आम नागरिकों को रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कृष्णा प्रसाद ने बताया कि उन्होंने हाल ही में वार्ड संख्या 48, 15, 14, 13 सहित कई इलाकों का दौरा किया। दौरे के दौरान उन्हें पेयजल संकट, जर्जर सड़कें, गंदगी से भरी नालियां और खराब स्ट्रीट लाइट जैसी गंभीर समस्याएं देखने को मिलीं।
उनका कहना था कि अधिकांश वार्डों में पानी की भारी किल्लत है। लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। कई जगहों पर सड़कें टूट चुकी हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। इसके साथ उन्होंने सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शहर के कई हिस्सों में नियमित सफाई नहीं हो रही है। नालियों में गंदगी जमा है और कूड़े के ढेर खुले में पड़े हुए हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों ने भी सफाई व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो गर्मी के मौसम में स्थिति और भयावह हो सकती है। कृष्णा प्रसाद ने यह भी कहा कि कई वार्डों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है। अंधेरे के कारण रात में लोगों को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा कुछ पुराने मकान अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं, जिनके कभी भी गिरने की आशंका है। उन्होंने निगम प्रशासन से ऐसे भवनों की तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद ने निगम प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठा रहे। उन्होंने मांग की कि नगर परिसेवा से जुड़े अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए। वही प्रेस वार्ता के दौरान कृष्णा प्रसाद ने राजनीतिक संदेश देते हुए कहा कि आगामी महीनों में परिवर्तन का समय आने वाला है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में जल्द ही भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भाजपा का समर्थन करें ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच सके। साथ ही उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि तृणमूल कांग्रेस को हटाकर भाजपा को अवसर दिया जाए, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिल सके। नगर परिसेवा को लेकर दिए गए इस बयान के बाद शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि निगम प्रशासन इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देता है और क्या वाकई शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाते हैं या नहीं। फिलहाल, नगर परिसेवा का मुद्दा आगामी दिनों में राजनीतिक बहस का केंद्र बनने की संभावना है।
